Breaking
Fri. Oct 23rd, 2026

न्युवोको का राजस्व 13.5% बढ़ा, मुनाफे में 78% की उछाल

न्युवोको का राजस्व 13.5% बढ़ा, मुनाफे में 78% की उछाल

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में सीमेंट बिक्री 9% बढ़ी, सूरत में नई ग्राइंडिंग इकाई शुरू

जमशेदपुर.न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं. 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी की सीमेंट बिक्री 9 प्रतिशत बढ़कर 47 लाख टन हो गई. वहीं, कंपनी का समेकित राजस्व पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 13.5 प्रतिशत बढ़कर 2,790 करोड़ रुपये पहुंच गया.

कंपनी का एबिटा 11 प्रतिशत बढ़कर 411 करोड़ रुपये रहा, जबकि कर चुकाने के बाद मुनाफा 78 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 65 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

इस तिमाही में कंपनी ने गुजरात के सूरत जिले के लिमला में सालाना 20 लाख टन उत्पादन क्षमता वाली नई ग्राइंडिंग इकाई शुरू की है. इससे पश्चिमी भारत में कंपनी की पकड़ मजबूत होने और आसपास के बाजारों में सीमेंट की आपूर्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी.

कंपनी ने राजस्थान में 46.4 मेगावाट क्षमता की पवन-सौर हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना के लिए क्लीनमैक्स के साथ साझेदारी भी की है. इस परियोजना के शुरू होने पर हर साल करीब 10 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है. इससे कंपनी को ऊर्जा लागत कम करने और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी.

न्युवोको के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि भारी बारिश, आपूर्ति शृंखला में बाधाओं और कच्चे माल की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि कंपनी प्रीमियम सीमेंट उत्पादों की बिक्री बढ़ाने, कामकाज को अधिक कुशल बनाने और विकास से जुड़ी परियोजनाओं को तय समय पर पूरा करने पर ध्यान दे रही है.

कंपनी ने वित्त वर्ष 2028 तक अपनी कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 3.5 करोड़ टन सालाना करने का लक्ष्य रखा है.

Related Post