लातेहार। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के चेताग गांव में हथियार लहराकर ग्रामीणों के बीच दहशत फैलाने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी सिक्सर और स्टील का एक फोल्डिंग धारदार चाकू बरामद किया है। गुरुवार को बालूमाथ थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी अनुभव कुमार सिन्हा ने कार्रवाई की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चेताग गांव में दो युवक हथियार लहराकर ग्रामीणों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी सिक्सर और एक स्टील का फोल्डिंग चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेताग गांव निवासी धनंजय पांडेय और तल्केश्वर ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बालूमाथ थाना कांड संख्या 117/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लातेहार मंडल कारा भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रतिमा खलको तथा बालूमाथ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

