सरायकेला। गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप मुरकुम पाखुर गोड़ा क्षेत्र में प्रतिबंधित मांस की बिक्री को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुजाहिद अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 10 किलोग्राम कथित प्रतिबंधित मांस और आगे-पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आरोपी का भाई अब्दुल सलाम फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को मुरकुम पाखुर गोड़ा क्षेत्र में प्रतिबंधित मांस की बिक्री होने की सूचना मिलने पर गौ-रक्षा कार्यकर्ता रोनित गोराई और श्रवण गोराई मौके पर पहुंचे। इसकी जानकारी फैलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण वहां जमा हो गए। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति की सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की।
पुलिस ने मौके से बालीगुमा निवासी मुजाहिद अंसारी, पिता रशीद अंसारी, को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस दौरान उसका भाई अब्दुल सलाम वहां से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कार्रवाई के दौरान जब्त मोटरसाइकिल की आगे और पीछे की नंबर प्लेट पर अलग-अलग नंबर अंकित पाए गए हैं। इससे वाहन के संदिग्ध होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अब तक मोटरसाइकिल के चोरी का होने की पुष्टि नहीं की है।
इधर, स्थानीय लोगों ने थाने में लिखित शिकायत देकर कथित अवैध मांस बिक्री और मवेशी तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर बरामद मांस के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। गुरुवार को मुजाहिद अंसारी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार अब्दुल सलाम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

