चाईबासा : शारदीय दुर्गा पूजा को लेकर पूरे पश्चिमी सिंहभूम जिले में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय चाईबासा से करीब 35 किलोमीटर दूर हाटगम्हरिया में दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से बनाए गए भव्य पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया गया। मंत्री दीपक बिरुवा एवं कमेटी के मुख्य संरक्षक दीपक बिरुवा के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और कमेटी के सदस्य शामिल हुए।
पंडाल का निर्माण कोल्हान की पारंपरिक संस्कृति को ध्यान में रखकर किया गया है। इसमें नगाड़ा और मांदल की झलक दिखाई गई है। इसके साथ ही आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूजा पंडाल को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में डीएसपी रफाएल मुर्मू, जिला परिषद सदस्य प्रमिला पिंगुवा, अंचल अधिकारी ऋषि देव कमल, थाना प्रभारी उत्तम तिवारी, क्षेत्रीय मानकी ज्योतिन बिरुवा, इंस्पेक्टर उलवा और झीकपानी के समाजसेवी नंद कुमार साव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीएसपी रफाएल मुर्मू ने लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारा बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि पूजा उत्सव शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
कमेटी के उपाध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि पंडाल के निर्माण में कोल्हान की पारंपरिक संस्कृति को प्रमुखता दी गई है। नगाड़ा-मांदल की थीम के माध्यम से स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूजा में शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने की अपील की।
कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष उमेश गागराई, उपाध्यक्ष उमेश गोप और राजेश शर्मा, संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार, बाजार समिति के हरिश गागराई और मीडिया प्रभारी मंगल करुवा मौजूद रहे। इनके अलावा सिंदरीगौरी की पूर्व मुखिया पूनम बिरुवा, अमाडिया पंचायत की पूर्व मुखिया लक्ष्मी मेलगंडी, झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रजेन गागराई, विद्याधर साव, रोशन अग्रवाल, प्रताप पुष्टि, जीवनी सिंकु, शिक्षिका अन्ति गुप्ता, चुना गुप्ता, अजय गुप्ता और सुक्मति सिंकु सहित कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

