Breaking
Sun. Oct 18th, 2026

*आदिवासी हो समाज महासभा के महाधिवेशन और चुनाव को लेकर सदस्यता अभियान शुरू*

चाईबासा: आदिवासी हो समाज महासभा के महाधिवेशन और आम चुनाव को लेकर सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। महासभा का महाधिवेशन-सह-आम चुनाव 27 और 28 नवंबर को हारिगुटू स्थित महासभा भवन में आयोजित होगा। चुनाव को लेकर सदस्यता अभियान के साथ ही विभिन्न पदों के लिए दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है।

रविवार को महासभा की ओर से चंद्रमोहन सिंकू ने तांबो क्षेत्र में सदस्यता अभियान चलाया। इस दौरान पूर्व शिक्षक बासुदेव सिंकू, प्रगतिशील किसान सनातन सावैयां और सुजीत बिरुवा सहित अन्य लोगों ने 110 रुपये सदस्यता शुल्क जमा कर महासभा की साधारण सदस्यता ग्रहण की। सदस्य बनने के साथ ही उन्हें आगामी आम चुनाव में मतदान करने का अधिकार भी मिला।

चंद्रमोहन सिंकू ने बताया कि महाधिवेशन और आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोग निर्धारित शुल्क जमा कर महासभा की सदस्यता ले रहे हैं।

इधर, महाधिवेशन और आम चुनाव को लेकर महासभा में चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कराया जाएगा। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर संभावित दावेदारों के बीच खेमेबंदी भी शुरू हो गई है। वर्तमान में महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष मुकेश बिरुवा हैं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर बामिया बारी कार्यरत हैं। महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए भी कई लोग अपनी दावेदारी को लेकर रुचि दिखा रहे हैं।

महाधिवेशन और चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सदस्यता अभियान को चुनाव की महत्वपूर्ण प्रक्रिया माना जा रहा है, क्योंकि सदस्यता प्राप्त करने वाले लोगों को ही चुनाव में मतदान का अधिकार मिलेगा।

इस दौरान कोल्हान स्वशासन एकता मंच के अध्यक्ष कुसुम केराई, हरीश बोदरा और डोबरो बुड़ीउली सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related Post