Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

गोलमुरी में नियमित जलापूर्ति की मांग, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर तीन समय पानी देने की अपील

जमशेदपुर। गोलमुरी क्षेत्र में अनियमित जलापूर्ति की समस्या को लेकर भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में टाटा स्टील यूटिलिटीज सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) के वाटर टावर विभाग के हेड साकेत मित्रा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में नियमित और निर्धारित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के साथ आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान प्रतिदिन तीन समय पानी उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि गोलमुरी बाजार, विश्वकर्मा लाइन, गढ़हाबासा, टुइलाडुंगरी, विजय नगर, रामदेव बगान, बजरंगनगर, सरस्वती नगर, आनंद नगर, कैबुल बस्ती और नामदा बस्ती समेत आसपास के कई इलाकों में जलापूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी सुबह तो कभी देर रात पानी आने के कारण स्थानीय निवासियों, महिलाओं, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान घरों और पूजा पंडालों की साफ-सफाई, भोग-प्रसाद तैयार करने तथा धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता होती है। ऐसे में त्योहारों के दौरान नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि जलापूर्ति आम जनता की बुनियादी जरूरत है। गोलमुरी में पानी का निश्चित समय नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी हो रही है। त्योहारों के दौरान पानी की जरूरत और बढ़ जाती है। इसलिए प्रबंधन को समस्या की गंभीरता समझते हुए प्रतिदिन सुबह, दोपहर और शाम निर्धारित समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि लोग अपने त्योहार सुविधापूर्वक मना सकें।

वहीं, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र में अनियमित जलापूर्ति से स्थानीय लोग परेशान हैं। दुर्गा पूजा में भोग तैयार करने, दीपावली पर घरों की सफाई और छठ पूजा की तैयारियों के लिए पर्याप्त पानी जरूरी है। उन्होंने प्रबंधन से तीनों त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नियमित जलापूर्ति और समय निर्धारित करने की अपील की।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन से जल्द सकारात्मक पहल कर समस्या का समाधान करने की उम्मीद जताई, ताकि गोलमुरी क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और वे आगामी त्योहार शांति एवं सुविधापूर्वक मना सकें।

इस दौरान महामंत्री अशोक समंता, अमिश अग्रवाल, मुकेश चौधरी, श्रीनू राव, बी. श्रीनिवास राव, राकेश गिरी, समरेश कुमार, लक्ष्मण बेहरा, अमरेंद्र कुमार और राजेश कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Post