Breaking
Tue. Oct 13th, 2026

कदमा में रंगदारी के लिए हथियार रखने का आरोप, पांच गिरफ्तार

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया स्थित मैदान में पुलिस ने छापेमारी कर हथियार और गोलियों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविनाथ मछुआ, विनय हरपाल, संतोष, निहाल और अमित कुमार साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और पांच गोलियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखते थे।

मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमा के फार्म एरिया स्थित मैदान में कुछ लोग हथियार लेकर मौजूद हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा और पांच गोलियां बरामद की गईं।

सिटी एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों के हथियार रखने के पीछे लोगों को भयभीत करने और रंगदारी वसूलने का उद्देश्य सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाने के साथ ही यह पता लगाने में लगी है कि वे किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में भी शामिल थे या नहीं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Related Post