हिंदू संगठनों की आपत्ति के बाद डांडिया महोत्सव में आधार कार्ड की जांच अनिवार्य, पहचान सत्यापन के बाद ही मिलेगा प्रवेश
जमशेदपुर: साकची स्थित बोधी मैदान में 17 और 18 अक्टूबर को रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की ओर से दो दिवसीय डांडिया एवं गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार महोत्सव में प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा और कार्यक्रम की मर्यादा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, प्रवेश से पहले पहचान पत्रों की जांच की जाएगी और आधार कार्ड के सत्यापन के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में कुछ हिंदू संगठनों ने डांडिया महोत्सव में गैर-हिंदुओं के प्रवेश, अश्लील गानों और आपत्तिजनक परिधानों को लेकर आपत्ति जताई थी। इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष भी उठाया गया था। इसके बाद आयोजकों ने कार्यक्रम में सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम करने की बात कही है।
सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और 50 से अधिक बाउंसर रहेंगे तैनात
रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की संस्थापक आशा सिंह ने बताया कि महोत्सव को व्यवस्थित और शालीन तरीके से आयोजित करने की तैयारी की गई है। कार्यक्रम स्थल पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 50 से अधिक महिला एवं पुरुष बाउंसर तैनात रहेंगे।
उन्होंने बताया कि भारतीय परंपरा के अनुरूप महोत्सव में आने वाले लोगों का माथे पर चंदन या कुमकुम का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की महाआरती और वंदना के साथ होगी।
पहले दिन नियोन डांडिया, दूसरे दिन अभिनेत्री आस्था सिंह का कार्यक्रम
दो दिवसीय महोत्सव के पहले दिन 17 अक्टूबर को नियोन डांडिया का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 18 अक्टूबर को अभिनेत्री एवं सेलिब्रिटी आर्टिस्ट आस्था सिंह कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होंगी। दोनों दिन पारंपरिक गुजराती लोकगीतों और गरबा गीतों पर डांडिया की प्रस्तुतियां होंगी।
सामाजिक कार्यों में योगदान देने वाली महिलाओं का होगा सम्मान
शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक कार्यों के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
इनमें बेस्ट डांडिया डांसर, बेस्ट ट्रेडिशनल ड्रेस (महिला एवं पुरुष) और बेस्ट कपल प्रतियोगिता शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान लकी ड्रॉ भी निकाला जाएगा, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा मैदान में खाने-पीने की वस्तुओं और पारंपरिक हस्तशिल्प के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
पास के माध्यम से मिलेगा प्रवेश
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में प्रवेश पास के माध्यम से होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक लोग पास प्राप्त करने के लिए आयोजकों से संपर्क कर सकते हैं।
आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आशा सिंह के अलावा पूनम वर्मा, रंजना शर्मा, मुस्कान गोराई, नेहा मिश्रा, रश्मि राज, रम्यता प्रफुल्ल और सुबोध गोराई सहित अन्य लोग मौजूद थे।

