जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक बसंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता सिमरन भाटिया ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
सिमरन भाटिया ने कहा कि रूपी सोरेन का जीवन सादगी, संघर्ष और पारिवारिक समर्पण का उदाहरण रहा है। झारखंड आंदोलन के कठिन दौर में उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ मजबूती से खड़े रहकर परिवार और संघर्ष, दोनों की जिम्मेदारियां निभाईं। आंदोलन के लंबे और चुनौतीपूर्ण दौर में उनका योगदान भले ही सार्वजनिक रूप से कम चर्चा में रहा हो, लेकिन उनका धैर्य और सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने अपने परिवार को हमेशा मजबूती दी और उनके जीवन मूल्यों का प्रभाव आने वाली पीढ़ियों तक बना रहेगा। उनका स्नेह, सादगी और संघर्षशील व्यक्तित्व झारखंड के लोगों के लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा।
सिमरन भाटिया ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और सोरेन परिवार समेत उनके शुभचिंतकों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

