जमशेदपुर। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को पूर्वी सिंहभूम में मेरा युवा भारत के सहयोग से बानबिल गांव में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। “रिफॉर्म उत्सव” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों, खासकर युवाओं को ग्राम सभा की प्रक्रिया से जोड़ना और गांव के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और ग्राम स्वराज के विचारों को स्मरण करते हुए स्वच्छता ही सेवा की शपथ ली। इस दौरान ग्रामीणों और युवाओं के बीच ग्राम विकास में सामूहिक भागीदारी के महत्व पर भी चर्चा हुई।
ग्राम सभा में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर गांव की स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े सुझावों की जानकारी ली गई। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा हो सके।
इस अवसर पर युवा साथी यूथ क्लब के अध्यक्ष मानव घोष ने ग्रामीणों और युवाओं से संवाद करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार, खेल और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गांव के युवाओं को फुटबॉल भी वितरित किए गए। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को सामने लाना और उनमें टीम भावना, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुखिया मति सिंह, उपमुखिया सीमा मुखर्जी, पूर्व मुखिया नीरज सिंह, पंचायत सचिव रमेश कुमार, जिला युवा अधिकारी मोन्टू पातर, युवा साथी यूथ क्लब के अध्यक्ष मानव घोष और युवा स्वयंसेवक अनुराग समेत ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे। ग्राम सभा के माध्यम से गांधीजी के ग्राम स्वराज और जनभागीदारी के विचारों को व्यवहार में उतारने तथा ग्रामीणों और युवाओं को गांव के विकास की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया गया।

