जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र की पूरनापानी पंचायत अंतर्गत करकटा गांव में गुरुवार की रात जहरीले सांप के डंसने से स्वास्थ्य सहिया कल्पना मांडी की मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। मृतका के पति, दो छोटे बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि गुरुवार रात गांव में बिजली आपूर्ति ठप थी। इसी दौरान कल्पना मांडी अपने घर के आंगन में बैठी थीं। इसी बीच अचानक एक जहरीले सांप ने उनके पैर में डंस लिया। सांप के डंसने के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद कल्पना मांडी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतका का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव करकटा लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति और दोनों मासूम बच्चों सहित अन्य परिजन शव से लिपटकर रोने लगे। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
स्वास्थ्य सहिया की अचानक हुई मौत से ग्रामीणों में भी गहरा दुख है। ग्रामीणों ने बताया कि कल्पना मांडी स्वास्थ्य विभाग से जुड़कर गांव में लोगों की सेवा करती थीं। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ ग्रामीणों को भी गहरा आघात पहुंचा है। घटना के बाद पूरे करकटा गांव में मातम और शोक की लहर है।

