Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

गांधी जयंती पर चक्रधरपुर रेल मंडल में चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों और रेलकर्मियों ने किया श्रमदान

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को चक्रधरपुर रेल मंडल में स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चक्रधरपुर स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक समेत विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी, रेलकर्मी तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

इसके बाद स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप सर्कुलेटिंग एरिया में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लेते हुए श्रमदान किया। इस दौरान स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता को महज किसी विशेष दिन तक सीमित रखने के बजाय इसे रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे परिसर को स्वच्छ और बेहतर बनाए रखने में रेलकर्मियों के साथ यात्रियों और आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों से अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम में स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज के संकल्प के साथ स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।

Related Post