चाईबासा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर डायमंड बुलेट क्लब, बोड़ादोरो, चक्रधरपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि चक्रधरपुर प्रखंड उप प्रमुख विनय प्रधान, इटोर पंचायत के मुखिया सोमनाथ कोया, गोपीनाथपुर पंचायत के मुखिया सेलाई मुंडा तथा गणेश गागराई मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रोनी ब्रदर्स और जय हो बाघमारा के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें जय हो बाघमारा की टीम ने जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मैदान में पहुंचे। दर्शकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
मुख्य अतिथि सन्नी उरांव ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह फुटबॉल प्रतियोगिता युवाओं में अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी देता है। उन्होंने कहा कि डायमंड बुलेट क्लब की ओर से हर वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन कर स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। उद्घाटन मैच के दौरान क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

