Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित, जमशेदपुर समेत कोल्हान में सामान्य रहेगा बैंकिंग कामकाज

जमशेदपुर। देशभर के बैंक ग्राहकों और कारोबारियों को राहत देते हुए यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल समेत अपने सभी आंदोलनकारी कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर दिया है। 27 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे भारतीय बैंक संघ और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया। हड़ताल स्थगित होने से जमशेदपुर के बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी, टेल्को सहित पूरे कोल्हान में बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। इससे महीने के अंतिम दिनों और त्योहारी कारोबार के दौरान ग्राहकों तथा कारोबारियों को बैंक बंदी से होने वाली संभावित परेशानी से राहत मिलेगी।

बैठक में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के मुद्दे पर भारतीय बैंक संघ और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की संयुक्त उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी। यह समिति सभी संबंधित पक्षों और बैंक ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए बचे हुए शनिवारों को अवकाश घोषित करने के प्रस्ताव पर समाधान तलाशेगी। इसके अलावा स्केल-चार और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू होने वाली प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना को लेकर बैंक यूनियनों की आपत्तियों पर भी भारतीय बैंक संघ के साथ बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है। आवश्यक संशोधन के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात भी बैठक में सामने आई।

दोनों पक्षों ने आठ मार्च 2024 की बैठक के कार्यवृत्त में दर्ज कर्मचारियों के शेष मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए बातचीत जारी रखने पर भी सहमति जताई। लंबित मांगों के निपटारे के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है। इन सहमतियों के बाद यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने प्रस्तावित हड़ताल और अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस जमशेदपुर चैप्टर के संयोजक रिंटू कुमार रजक ने कहा कि भारतीय बैंक संघ और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच रात साढ़े नौ बजे हुई बैठक सकारात्मक रही। देशहित और बैंक ग्राहकों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यदिवस तथा प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद आगामी तीन दिनों की हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया है।

हड़ताल टलने से जमशेदपुर के उद्योगों, थोक एवं खुदरा कारोबारियों के साथ आम बैंक ग्राहकों और वेतनभोगियों को भी राहत मिली है। महीने के अंतिम दिनों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने पर चेक निस्तारण, नकद निकासी और औद्योगिक भुगतान समेत कई वित्तीय गतिविधियों पर असर पड़ सकता था। अब इन सेवाओं के सामान्य रहने की उम्मीद है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रमुख संगठन शामिल हैं। बैठक में बनी सहमति और आगे की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी जल्द जारी होने वाले परिपत्र के माध्यम से दी जाएगी।

Related Post