चाईबासा: नाई विकास मंच महिला मोर्चा की बैठक में दुर्गा पूजा की नवमी के दिन कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में समाज की ओर से नौ कन्याओं का पूजन करने की योजना बनाई गई। कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में नाई विकास मंच महिला मोर्चा की सचिव पूनम ठाकुर को कार्यक्रम के लिए स्थान का चयन करने और आयोजन की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। उन्हें स्थल का निरीक्षण करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा गया कि बच्चों को डांडिया कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो। आयोजन स्थल पर पर्याप्त जगह और बच्चों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महिला पदाधिकारियों की एक टीम भी गठित की गई। इसमें निशु प्रिया, छाया देवी, रेणु देवी, आरती देवी, संगीता देवी, रूबी देवी, मालती देवी, शिखा देवी और मांडवी देवी को शामिल किया गया है। टीम की सदस्याएं कार्यक्रम की तैयारी और व्यवस्था में सहयोग करेंगी।
बैठक में कार्यक्रम में शामिल होने वाली बच्चियों की पोशाक को लेकर भी निर्णय लिया गया। नाई विकास मंच के उपाध्यक्ष दिलीप ठाकुर ने कहा कि कन्या पूजन कार्यक्रम में आने वाली बच्चियों की पोशाक का रंग लाल रखा जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों को समय पर पूरा करने और सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से करने की बात कही।
बैठक में महिला मोर्चा की सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग से काम करने पर सहमति जताई। नवमी के दिन कन्या पूजन के साथ डांडिया कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर बच्चों और महिलाओं में उत्साह है।

