Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

लंच ब्रेक में घर लौटे टाटा स्टील कर्मचारी, पीछे का गेट टूटा मिला; 40 लाख के जेवरात चोरी

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्रॉस रोड नंबर 20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4 में मंगलवार दोपहर चोरों ने टाटा स्टील कर्मचारी सुब्रतो दास के घर को निशाना बनाया। चोर घर के पीछे का गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद तथा लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के खानदानी जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जाता है कि सुब्रतो दास मंगलवार को ड्यूटी पर गए थे। लंच ब्रेक के दौरान जब वह घर लौटे तो पीछे के गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा था और अलमारी में रखी नकदी व आभूषण गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी सिदगोड़ा पुलिस को दी। चोरी हुए आभूषणों में खानदानी जेवरात शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और वारदात को अंजाम देने के बाद चोर किस रास्ते से फरार हुए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा सकते हैं। सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि सुब्रतो दास की ओर से लिखित आवेदन दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Post