Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

कंधे में फ्रैक्चर के बावजूद अपराधियों से भिड़े दारोगा, लूट की कोशिश कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार

रांची। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में लूट की कोशिश की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ अपराधियों की झड़प हो गई। इस दौरान अरगोड़ा थाना के सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार घायल हो गए। उनके कंधे में गंभीर चोट लगी, जिसकी जांच के बाद फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इसके बावजूद उन्होंने मौके से पीछे हटने के बजाय कार्रवाई जारी रखी और पुलिस टीम के साथ लूट की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

घटना हरमू स्थित बिजली ऑफिस के पास की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश एक ट्रक चालक को चाकू का भय दिखाकर लूटने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश शुरू की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने विरोध किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और आरोपियों के बीच झड़प हो गई, जिसमें एसआई मुकेश कुमार के कंधे में चोट लग गई।

चोट गंभीर होने के बावजूद एसआई ने कार्रवाई नहीं छोड़ी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद घायल दारोगा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनसे यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि लूट की इस कोशिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और गिरोह ने इससे पहले रांची में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है।

Related Post