Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

झारखंड हाईकोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति, न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हुई

रांची। झारखंड हाईकोर्ट में न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति की गई है। केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की अनुशंसा के आधार पर तीन वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है। नियुक्त किए गए अधिकारियों में मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा शामिल हैं।

मनोज प्रसाद वर्तमान में गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। वहीं अखिल कुमार साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं, जबकि राम शर्मा डालटनगंज यानी पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। तीनों अधिकारियों को न्यायिक सेवा में उनके अनुभव के आधार पर हाईकोर्ट में पदोन्नति दी गई है।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हाल ही में इन तीनों न्यायिक अधिकारियों के नाम झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त करने के लिए केंद्र सरकार को भेजे थे। कॉलेजियम की अनुशंसा पर केंद्र की मंजूरी के बाद अब नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शपथ ग्रहण के बाद तीनों न्यायाधीश हाईकोर्ट में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

इन नियुक्तियों के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो जाएगी। हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 पद स्वीकृत हैं। तीन नए न्यायाधीशों के आने से रिक्त पदों की संख्या भी कम होकर नौ रह जाएगी। न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने से लंबित मामलों की सुनवाई के लिए न्यायिक क्षमता में वृद्धि होगी और विभिन्न मामलों की सुनवाई में तेजी आने की संभावना है।

Related Post