धनबाद। जमशेदपुर के चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य शूटर सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू के निरसा में छिपने के ठिकाने का खुलासा होने के बाद पुलिस जांच का दायरा बढ़ गया है। बुधवार शाम निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए शिबू के संबंध में जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि वह जिस मकान में पिछले चार-पांच दिनों से ठहरा था, वह पशु तस्करी से जुड़े शमशाद खान का बताया जा रहा है।
सबसे अहम बात यह है कि पुलिस को शमशाद खान के आवासीय परिसर में BMW समेत कई लग्जरी गाड़ियां मिली हैं। फिलहाल पुलिस ने इन वाहनों को जब्त नहीं किया है, लेकिन उनके इस्तेमाल और मालिकाना हक की जानकारी जुटाई जा रही है। शमशाद खान के फरार होने के बाद पुलिस की जांच में यह बिंदु भी महत्वपूर्ण हो गया है कि आखिर निखार सबलोक हत्याकांड के बाद फरार चल रहा शिबू उसके ठिकाने तक कैसे पहुंचा और उसे वहां किसने पनाह दी।
चार-पांच दिनों से ठिकाने पर था शिबू
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिबू पिछले करीब चार-पांच दिनों से आनंद वाटिका रेजिडेंसी स्थित मकान में रह रहा था। उसके साथ अन्य अपराधियों के भी वहां ठहरने की जानकारी सामने आई है। मुठभेड़ के दौरान शिबू के दो साथी हथियारों के साथ फायरिंग करते हुए भाग निकले, जबकि दो अन्य सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
पुलिस ने शमशाद खान के मकान को अपने कब्जे में लेकर वहां बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीबीआर और फुटेज पुलिस ने जब्त कर लिया है। पिछले कई दिनों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिबू से मिलने कौन-कौन लोग वहां पहुंचते थे और उसके स्थानीय नेटवर्क में कौन लोग शामिल थे। मुठभेड़ के बाद रांची से फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक नमूने लिए।
निखार सबलोक हत्याकांड में मुख्य शूटर के रूप में सामने आया नाम
24 अगस्त 2026 को जमशेदपुर में होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम इस हत्याकांड के मुख्य शूटर के रूप में सामने आया था। हत्या के बाद से ही जमशेदपुर पुलिस उसकी तलाश में थी। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिबू का नाम इससे पहले धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े मामले में भी सामने आ चुका है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और झारखंड में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।
पुलिस को देखते ही फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोलियां
बुधवार शाम पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आनंद वाटिका रेजिडेंसी में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी का पता चलते ही शिबू ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में कुल छह गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। उसे तत्काल एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया, जहां कड़ी सुरक्षा में इलाज चल रहा है।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि शिबू निरसा में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में पहुंचा है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह निरसा में किस वारदात की तैयारी कर रहा था, उसे ठिकाना किसने उपलब्ध कराया और उसके साथ स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग जुड़े थे। सीसीटीवी फुटेज, बरामद हथियारों और शमशाद खान के आवास से जुड़ी जानकारी को इस जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है।

