रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “सतर्क” के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस से 18 लीटर शराब बरामद की है। शराब की अनुमानित कीमत 18,840 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान शराब से भरा एक लावारिस बैग ट्रेन के सामान्य श्रेणी के कोच में बाथरूम के समीप बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची और आरपीएफ पोस्ट रांची के अधिकारी व कर्मचारी ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस में डिकॉय चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सामान्य श्रेणी (जीएस) कोच के बाथरूम के पास लाल-काले चेकदार रंग का एक बैग लावारिस हालत में दिखाई दिया। संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने बैग की जांच की। तलाशी के दौरान बैग से Old Special XXX Rum की 12 बोतलें और Royal Mansion Gold Whisky की 12 बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की थीं। इस तरह कुल 24 बोतलों में 18 लीटर शराब पाई गई।
आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची के उप निरीक्षक रवि शेखर ने करीब 19:40 बजे निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शराब को जब्त किया। बरामद बैग और शराब को आरपीएफ पोस्ट रांची लाया गया है, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरपीएफ के अनुसार जब्त शराब को 17 सितंबर 2026 को उत्पाद विभाग, रांची को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में बैग को ट्रेन में छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

