जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र में चोरों ने पंचायत सचिव के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना रांगाटांड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। चोरी की वारदात थाना से महज करीब एक किलोमीटर की दूरी पर होने से पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया गया कि पंचायत सचिव गणेश महतो मंगलवार को परिवार के साथ कदमा मेला घूमने गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को सुनसान पाकर मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। बुधवार सुबह जब गणेश महतो परिवार के साथ घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर विभिन्न कमरों के अलावा पांच अलमारियों के ताले भी टूटे मिले।
अलमारियों की जांच करने पर उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के अनुसार, चोर मकान के पिछले दरवाजे से निकलकर फरार हुए। आश्चर्यजनक रूप से चोरों ने घर में रखे अन्य सामानों को हाथ नहीं लगाया और सिर्फ नकदी तथा कीमती आभूषण ही अपने साथ ले गए।
इस संबंध में पंचायत सचिव गणेश महतो ने गुरुवार को अज्ञात चोर के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद पटमदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर चोरी से संबंधित जानकारी जुटाई। पीड़ित गणेश महतो ने गुरुवार को पटमदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस प्रारंभिक जांच में इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है कि कहीं किसी परिचित व्यक्ति को घर के खाली होने की जानकारी तो नहीं थी। बताया गया कि गणेश महतो मंगलवार को परिवार के साथ कदमा स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य संभावित सुरागों की तलाश में जुटी है। चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

