Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

डिलीवरी के बाद बिगड़ी तबीयत, महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का निधन

रांची। राजधानी रांची में इलाज के दौरान 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप का निधन हो गया। सुमित्रा कच्छप की पोस्टिंग गिरिडीह जिला बल में थी और वर्तमान में उन्हें झारखंड हाई कोर्ट, रांची में गिरिडीह जिला बल की ओर से कोर्ट नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सुमित्रा कच्छप ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों और विभागीय स्तर पर उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी स्थिति गंभीर हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।

सुमित्रा कच्छप के निधन की सूचना मिलने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों और उनके सहकर्मियों ने गहरा दुख जताया। पुलिस महकमे में उन्हें कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में याद किया जा रहा है। हाई कोर्ट में कोर्ट नोडल पदाधिकारी के तौर पर भी वह अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं।

प्रशासनिक स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुमित्रा कच्छप के पार्थिव शरीर को रांची पुलिस लाइन लाया जाएगा। यहां झारखंड पुलिस की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी गहरा शोक है।

Related Post