चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी समिति की पांचवीं बैठक स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एसआर रूंगटा पैविलियन में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने की। बैठक में आगामी क्रिकेट सत्र 2026-27 और 26 सितंबर से शुरू होने वाली पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में विभिन्न स्रोतों से जिला क्रिकेट संघ को कुल 39,75,613 रुपये की आय हुई, जबकि विभिन्न मदों में 34,15,699 रुपये खर्च किए गए। इस तरह संघ को 5,59,614 रुपये की बचत हुई। उन्होंने बताया कि आकलन वर्ष 2026-27 के लिए आयकर रिटर्न भी दाखिल कर दिया गया है।
बैठक में चर्चा के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट को भी स्वीकृति दी गई। सत्र 2026-27 के क्रिकेट कैलेंडर में आंशिक संशोधन के बाद उसे मंजूरी प्रदान की गई। महासचिव असीम कुमार सिंह द्वारा तैयार 127 पन्नों की वार्षिक रिपोर्ट को भी प्रबंधन समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
महासचिव ने 26 सितंबर से शुरू होने वाली पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लीग के सफल संचालन के लिए पिछली बैठक में गठित गवर्निंग काउंसिल की अब तक हुई चार बैठकों में लिए गए निर्णयों से भी सदस्यों को अवगत कराया। समिति ने इन निर्णयों को स्वीकृति प्रदान कर दी।
बैठक में अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा के अलावा उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंघानिया, महासचिव असीम कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार, संयुक्त सचिव अनूप बर्मन और ओम प्रकाश गुप्ता, सहायक सचिव शाहिद अख्तर, कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र चौबे, राजीव कुमार और आलम अंसारी उपस्थित थे।
स्कूल प्रतिनिधि के रूप में सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के जय प्रकाश मौजूद रहे। आमंत्रित सदस्यों में एसआर रूंगटा ए-डिवीजन लीग की विजेता टीम यंग झारखंड क्रिकेट क्लब चाईबासा के सचिव श्याम किशोर प्रसाद तथा एसआर रूंगटा बी-डिवीजन लीग की विजेता टीम एसआर रूंगटा ग्रुप के प्रतिनिधि कृष्णा शर्मा शामिल थे।

