चाईबासा: स्थानीय सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में सोमवार 14 सितंबर को हिंदी सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य एवं एआरओ ओ. पी. मिश्रा ने कहा कि हिंदी ने लगातार अपनी पहचान और पहुंच मजबूत की है। उन्होंने कहा कि हिंदी में सोचने के कारण यह हमारे दिल की भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने स्कूली जीवन के अनुभवों से सीख लेने की बात कही।
ओ. पी. मिश्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों में हिंदी के प्रति रुचि और प्रेम बढ़ाने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रभावी तरीके अपनाने चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों के शब्द-भंडार को समृद्ध करने पर भी जोर दिया।
हिंदी विभागाध्यक्ष एस. बी. सिंह ने कहा कि हिंदी का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और हिंदी की लोकप्रियता बनी रहेगी। संगीत शिक्षक ओ. सी. दास ने गीत प्रस्तुत किया। शिक्षक विष्णु सतपथी ने भी हिंदी के महत्व को लेकर अपने विचार रखे।
हिंदी सप्ताह के दौरान विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में स्वाति नायक ने प्रथम, महिमा कुमारी दास ने द्वितीय और पियाली सामुई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सुलेख प्रतियोगिता के कक्षा तीसरी से पांचवीं वर्ग में शालिनी हेमब्रम प्रथम, भाग्यश्री पूर्ति द्वितीय और साक्षी साह तृतीय रहीं। कक्षा छठी से सातवीं वर्ग में रिध्दी मिश्रा ने प्रथम, तेजस कुमार ने द्वितीय और आकृति कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कथा वाचन प्रतियोगिता में जीनल पांड्या प्रथम, पेलिन मुंडा द्वितीय और आलिन रईश तृतीय रहे। कविता पाठ प्रतियोगिता में हीबा आरफा ने प्रथम, आरव भूत ने द्वितीय और अर्पिता गरनायक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में हिंदी पढ़ाने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी विजेता और चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं।

