जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अंधेरे से जूझने वाले गैर-कंपनी इलाकों की गलियों और चौक-चौराहों को अब सोलर एलईडी लाइट से रोशन किया जाएगा। विधायक सरयू राय की पहल और अनुशंसा पर झारखंड रिन्युएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (जेरेडा) की ओर से दूसरे चरण में 500 सोलर एलईडी लाइट लगाने का काम सोमवार से शुरू कर दिया गया। विधायक सरयू राय ने सोनारी स्थित ग्वाला बस्ती के यादव समाज सामुदायिक भवन से इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इससे पहले अभियान के प्रथम चरण में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 750 सोलर एलईडी लाइट लगाई जा चुकी हैं। दूसरे चरण की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र के उन इलाकों में रोशनी पहुंचाने की प्रक्रिया तेज होगी, जहां रात के समय पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था नहीं है। विधायक ने कहा कि जरूरत के आधार पर आने वाले समय में भी चरणबद्ध तरीके से सोलर लाइट लगाई जाएगी।
सरयू राय ने कहा कि सोलर लाइट लगाने में प्राथमिकता उन क्षेत्रों को दी जाएगी, जहां जुस्को अथवा डीवीसी की ओर से स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। खासकर गैर-कंपनी क्षेत्रों में डीवीसी की बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद गलियों और चौक-चौराहों पर अंधेरा छा जाता है। सोलर एलईडी लाइट लगने से इस समस्या से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था से बिजली पर निर्भरता कम होगी और अक्षय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही डीवीसी से होने वाली बिजली की खपत में कमी आने से लंबे समय में बिजली खर्च के रूप में बड़ी राशि की बचत संभव होगी।
विधायक कार्यालय की ओर से क्षेत्र में एलईडी लाइट और साफ-सफाई सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायत अथवा सूचना देने के लिए 8877537777 नंबर जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर फोन या व्हाट्सऐप के माध्यम से अपनी शिकायत और सूचना दर्ज करा सकते हैं।
कार्यक्रम में मुकुल मिश्रा, नीरज सिंह, चुन्नू भूमिज, रवि ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, जदयू नेत्री उषा यादव, जदयू नेता विनोद सिंह, प्रदीप सिंह, लक्ष्मण यादव, जितेंद्र सिंह, अजय कुमार, सत्यनारायण सिंह, भारत सिंह, बबन यादव, त्रिभुवन यादव, शंकर सिंह, उमेश यादव, अशोक यादव, वीरेंद्र यादव, मुन्ना यादव, नीरज यादव, लालू यादव, कृष्णा यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।

