जमशेदपुर। एग्रिको स्थित अपने आवास के समीप हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मानगो निवासी पिता और उनके मासूम पुत्र की मौत पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ असमय मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस घटना से पूरा शहर मर्माहत है और पीड़ित परिवार के दुख की घड़ी में सभी उनके साथ खड़े हैं।
पूर्णिमा साहू ने दिवंगत पिता-पुत्र की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपार पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में लगातार लोगों की जान जा रही है, लेकिन इसके बावजूद नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
विधायक ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शहर में भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का प्रावधान है तो इसके बावजूद ऐसे वाहनों का परिचालन कैसे हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि नो-एंट्री के दौरान भारी वाहन शहर की सड़कों पर नहीं पहुंचें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल नो-एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और दुर्घटना संभावित इलाकों में सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की। पूर्णिमा साहू ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और नो-एंट्री के दौरान भारी वाहनों का परिचालन नहीं रोका गया तो वह नागरिकों की सुरक्षा के लिए संगठन के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगी।

