चाईबासा: सुर संगम टीम की ओर से “एक शाम कोल्हान के कलाकारों के नाम” गीत-संगीत प्रतियोगिता का आयोजन 12 सितंबर 2026 को चाईबासा के पिल्लई टाउन हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति ने गुरुवार को होटल कैफेटेरिया में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। समिति के अनुसार प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इच्छुक प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन जारी है।
कार्यक्रम संयोजक दीपक शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 से 55 वर्ष तक के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। अब तक करीब 45 प्रतिभागियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को कराओके म्यूजिक के माध्यम से गीत प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागी हिन्दी सिनेमा के किसी भी गायक के गीत का चयन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए जमशेदपुर और बनारस से जजों को बुलाया गया है। निर्णायक मंडली के निर्णय को अंतिम माना जाएगा। प्रतियोगिता में जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम के कलाकार हिस्सा लेंगे। आयोजन समिति का कहना है कि कोल्हान क्षेत्र के कलाकारों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 7 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा सात प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होकर रात 8.30 बजे तक चलेगा। प्रतियोगिता देखने के लिए दर्शकों से किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। आम लोगों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
आयोजन समिति में सुजीत कुमार, मोअज्जम बिहारी, राजीव सिंह, आनंद प्रियदर्शी और हरि शंकर गोप शामिल हैं। कार्यक्रम संयोजक दीपक शर्मा ने क्षेत्र के संगीत प्रेमियों और कलाकारों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ चाईबासा में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण होगा।

