Breaking
Thu. Sep 10th, 2026

*टिकरचापी पुस्तकालय निर्माण में अनियमितता का आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन*

चाईबासा: चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत टिकरचापी ग्राम में निःशुल्क अध्ययन केंद्र सह पुस्तकालय भवन के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य में हो रही देरी व कथित अनियमितता को लेकर कोल्हान नितिर तुरतुंग संस्था ने बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संस्था ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और निर्माण कार्य में सुधार के साथ इसे जल्द पूरा कराने की मांग की है।

संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि पदमपुर पंचायत के टिकरचापी में संचालित पुस्तकालय वर्ष 2020 से ग्रामीण और शहरी विद्यार्थियों को JPSC, JSSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क अध्ययन की सुविधा दे रहा है। भवन में निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल पुस्तकालय को दूसरे स्थान पर संचालित किया जा रहा है। अस्थायी स्थल पर शौचालय और बाथरूम की सुविधा नहीं होने से छात्राओं और महिलाओं को परेशानी हो रही है।

ज्ञापन में कहा गया है कि DMFT मद से स्वीकृत जीर्णोद्धार कार्य को तीन महीने में पूरा किया जाना था। 18 अप्रैल 2026 से कार्य शुरू होने के बावजूद निर्माण की गति काफी धीमी है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

संस्था ने आरोप लगाया कि भवन में लगाई जा रही एल्युमिनियम की खिड़कियों में सुरक्षा ग्रिल नहीं लगाई जा रही है। मुख्य द्वार पर भी साधारण एल्युमिनियम का दरवाजा लगाया जा रहा है। इससे पुस्तकालय में रखे कंप्यूटर, पंखे और अन्य उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंता है।

संस्था ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच, निर्धारित समय में काम पूरा कराने और टेंडर समझौते की सत्यापित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही सक्षम पदाधिकारी से कार्यस्थल का भौतिक निरीक्षण कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान दया सागर केराई, सत्यजीत हेम्ब्रोम और प्रेम सिंह डांगिल उपस्थित रहे।

Related Post