जमशेदपुर। टीआरएफ कंपनी में बोनस को लेकर प्रबंधन और टीआरएफ लेबर यूनियन के बीच चल रही वार्ता गुरुवार को समझौते के साथ समाप्त हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के तहत इस वर्ष कंपनी के कर्मचारियों को 12.44 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। निर्धारित बोनस फॉर्मूले के अनुसार कर्मचारियों का बोनस लगभग 9.8 प्रतिशत बन रहा था, लेकिन यूनियन की मांग पर प्रबंधन ने फॉर्मूले से 2.64 प्रतिशत अधिक बोनस देने पर सहमति जताई है। इस समझौते से कंपनी के 154 कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
समझौते के अनुसार बोनस की राशि 18 सितंबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी। कर्मचारियों को इस बार न्यूनतम 29,634 रुपये और अधिकतम 91,022 रुपये तक बोनस प्राप्त होगा। बोनस की दर तय करने में उत्पादन, कंपनी के लाभ और सुरक्षा से जुड़े मानकों को आधार बनाया गया। यूनियन ने कर्मचारियों की मेहनत, निरंतर योगदान और कंपनी के प्रति प्रतिबद्धता का हवाला देते हुए निर्धारित फॉर्मूले से अधिक बोनस देने की मांग रखी थी। प्रबंधन ने यूनियन की मांग पर सहमति जताते हुए अतिरिक्त राशि के साथ 12.44 प्रतिशत बोनस देने का फैसला किया।
बोनस समझौते पर प्रबंधन और यूनियन के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक उमेश सिंह, सीएफओ अनिमेष उपाध्याय, सीएचआरओ अभिजीत सिंह, हेड मैन्युफैक्चरिंग रवि राव मांडा, हेड एससीएम सौरभ मेहता, हेड फाइनेंस एंड अकाउंट्स प्रियंका गांगुली और यूनिट लीडर पर्सनल एवं आईआर प्रमोद कुमार शामिल रहे।
वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, महामंत्री अंजनी कुमार, डिप्टी प्रेसिडेंट संजय कुमार, वाइस प्रेसिडेंट बेबी कुमारी, सहायक सचिव नवीन कुमार एवं मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिया महतो, सुशील कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, राजीव कुमार सिंह, सुब्रता देव और रवि कुमार ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में समझौता संपन्न हुआ।

