चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा योगनगर स्थित शिव मंदिर और रामनगर स्थित राम मंदिर परिसर में बाल गोपाल का छठियारी उत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठवें दिन छठिहारि उत्सव मनाने की परंपरा के तहत दोनों मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
पुजारी नागेंद्र पाठक ने बाल गोपाल की प्रतिमा को दूध से स्नान कराया और नए वस्त्र पहनाकर विधिवत शृंगार किया। इसके बाद पूजा-अर्चना कर बच्चों के बीच भोग और मिष्ठान का वितरण किया गया। बच्चों ने मंदिर की परिक्रमा करते हुए ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष किया।
मान्यता के अनुसार श्रीकृष्ण के जन्म के दिन आदिशक्ति ने भी जन्म लिया था। इसी परंपरा के तहत मंदिर परिसर में दुर्गा-माधव के रूप में देवी दुर्गा और भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाया गया। शाम छह बजे से रात 12 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया गया और लोगों को भोजन कराया गया।
कार्यक्रम में सीआईएसएफ के जवानों के अलावा सेल के सीजीएम कमल भास्कर, सेल अधिकारी राकेश नंदकोलियर, डॉ. टीसी आनंद, संजय बनर्जी, पंकज गुप्ता, राम नारायण सिंह, संतोष बेहेरा, सीमा प्रधान, विनीता पान और सुरेश शर्मा समेत अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

