Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

रांची में रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में पेड़ के नीचे लावारिस मिला नवजात

रांची। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित सेरसा स्टेडियम के सामने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की गली में गुरुवार सुबह एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। आवाज का पीछा करते हुए वह पेड़ के पास पहुंचा, जहां कपड़े में लिपटा नवजात पड़ा हुआ था।

युवक ने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर नवजात मिला, वहां सुबह के समय आवाजाही कम रहती है। ऐसे में समय रहते बच्चे पर किसी की नजर नहीं पड़ती तो उसे आवारा कुत्तों से भी खतरा हो सकता था। फिलहाल अस्पताल में बच्चे का इलाज कराया जा रहा है।

रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या वजह रही। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि बच्चे को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके।

Related Post