रामगढ़। अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति, रामगढ़ जिला के तत्वावधान में रविवार को भुईयां समाज की महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नुनु लाल भुईयां, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुईयां सहित रामगढ़ जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाज की माताएं-बहनें और सदस्य शामिल हुए।
महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष दुलाल भुईयां ने भुईयां समाज को पूरे भारतवर्ष में आदिम जनजाति और आदिवासी का दर्जा देने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामाजिक एकजुटता को मजबूत करें और सामूहिक रूप से समाज के विकास की दिशा में काम करें।
दुलाल भुईयां ने समाज के लोगों से एक मुट्ठी चावल और एक रुपये का सहयोग नियमित रूप से सामाजिक फंड में जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सहयोग से मजबूत सामाजिक कोष तैयार किया जा सकता है, जिसका उपयोग जरूरतमंद परिवारों और बच्चों की मदद के लिए किया जाएगा। इस फंड के माध्यम से गरीब बच्चों की पढ़ाई, स्कूली शिक्षा में आर्थिक सहयोग, जरूरतमंद बेटियों के विवाह, गंभीर बीमारी में इलाज सहित अन्य सामाजिक कार्यों में सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
उन्होंने समाज के युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि युवा समाज की ताकत हैं और उन्हें नशे के खिलाफ अभियान चलाकर समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों पर भी चिंता जताते हुए दहेज प्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
महापंचायत की अध्यक्षता रामगढ़ जिला भुईयां समाज के जिलाध्यक्ष मोहन भुईयां ने की। कार्यक्रम में जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के पदाधिकारियों ने समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक सुधार और संगठन को मजबूत करने को लेकर विचार रखे। आयोजन की सफलता के लिए दुलाल भुईयां ने रामगढ़ जिले के सभी पदाधिकारियों, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की मेहनत, सहभागिता और एकजुटता के कारण महापंचायत सफल हो सका।

