जमशेदपुर। मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार को शिक्षक दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस दौरान प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य और सामूहिक गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 12ए की छात्रा एरियाना उपाध्याय और छात्र प्रियांशु पाट्रो ने किया। दोनों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में स्कूल के चेयरमैन अखिलेश दुबे, मानद सचिव ललन प्रसाद राय, संयुक्त सचिव एस.एस. मिश्रा, कोषाध्यक्ष गिरिश कुमार तिवारी, उपाध्यक्ष रबी दुबे सहित स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य ओंकार नाथ सिंह, बी.एन. दुबे, उमा शंकर शर्मा एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अनुराग अग्निहोत्री ने विचारोत्तेजक संबोधन दिया। वहीं चेयरमैन अखिलेश दुबे ने शिक्षकों की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे भावी पीढ़ी के चरित्र और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं।
समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान समारोह रहा। प्रबंधन की ओर से शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, निरंतर परिश्रम और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
अंत में विद्यालय की प्राचार्या संगीता सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यालय प्रबंधन, अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। समारोह ने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की गरिमा और शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

