कोडरमा। झारखंड के कोडरमा घाटी में शनिवार को काली मंडा के समीप पाम ऑयल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर जो नजारा सामने आया, उसने हादसे से अधिक लोगों के संवेदनहीन रवैये को चर्चा में ला दिया। टैंकर के अंदर चालक फंसा हुआ मदद की आस लगाए रहा, जबकि बड़ी संख्या में लोग उसकी सहायता करने के बजाय टैंकर से पाम ऑयल निकालकर ले जाने में जुट गए।
बताया जाता है कि टैंकर पलटने के बाद उसमें से पाम ऑयल बाहर निकलने लगा। इसके बाद आसपास के लोग बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर घटनास्थल पर पहुंचने लगे। करीब एक घंटे तक लोग टैंकर से तेल निकालकर अपने साथ ले जाते रहे। इस दौरान बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक तेल ले जाते नजर आए। दुर्घटना के बीच चालक के टैंकर में फंसे होने के बावजूद भीड़ का ध्यान उसकी मदद करने के बजाय तेल जुटाने पर केंद्रित रहा।
काफी देर बाद एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तेल ले जा रहे लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद टैंकर में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक को मामूली चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार पाम ऑयल से भरा टैंकर हरदिया, रजौली की ओर जा रहा था। काली मंडा के पास चालक एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान टैंकर पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी और लोगों की भीड़ बनी रही। दुर्घटना के बाद तेल लूटने के लिए जुटी भीड़ का वीडियो और तस्वीरें भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रहीं।

