Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

*हो समाज सेवानिवृत्त संगठन का वार्षिक अधिवेशन 20 सितंबर को टीआरटीसी गुईरा में*

चाईबासा: आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन, चाईबासा का वार्षिक अधिवेशन 20 सितंबर को टीआरटीसी गुईरा में आयोजित होगा। यह निर्णय मंगलवार को आदिवासी हो समाज कला एवं सांस्कृतिक भवन हरिगुटु में संगठन के अध्यक्ष रामाय पुरती की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।

बैठक में संगठन के सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। वार्षिक लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए वित्तीय पारदर्शिता और व्यवस्थित लेखा प्रबंधन पर जोर दिया गया। सदस्यों ने संगठन की आर्थिक गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

सरकारी विद्यालयों में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर भी बैठक में चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि विद्यार्थियों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए। इसके लिए मिड-डे मील की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की जरूरत बताई गई।

वार्षिक अधिवेशन के एजेंडे पर चर्चा के दौरान सदस्यों के हित में एकमुश्त कल्याण राशि और मिसलेनियस फंड का प्रावधान संगठन की नियमावली में शामिल करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने और नियमावली में आवश्यक संशोधन को लेकर समिति गठित करने पर सहमति बनी।

बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्य कल्याण और संगठन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोपयोगी बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में सचिव चंद्रमोहन बिरुवा, उपाध्यक्ष रामसिंह होनहागा, सहसचिव जयसिंह कुंटिया, कोषाध्यक्ष कंडेराम बिरुली, सलाहकार कृष्णचंद्र बिरुली, राम बलि सिंकू, प्रताप सिंह बिरुली, लखींद्र पिंगुवा, सुधीर सवैंया, अनन्त कुमार सिकू, सुभाष सिंकू, केरसे देवगम, गौरी शंकर पाड़ेया, हरीश बानरा, नरेश केराई, सागर बिरुआ, सुरेश चंद्र देवगम, विश्वजीत दोराईबुरु, सत्यनारायण बिरुवा, मंगल सिंह कुन्टिया, बागुन बोदरा, केरा बिरुआ, नारायण पुरती, गुरूचरण बिरुवा, राम सिंह सोय सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post