Breaking
Thu. Sep 3rd, 2026

जंगल में अवैध शराब का अड्डा ध्वस्त, 3 हजार किलो जावा महुआ नष्ट

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को एमजीएम थाना क्षेत्र के कालाझोर गांव के जंगल में छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में शराब निर्माण सामग्री बरामद होने के साथ ही उसे मौके पर नष्ट कर दिया गया।

उत्पाद विभाग की टीम ने जंगल के भीतर तलाशी के दौरान विभिन्न ड्रमों में जमा करीब 3,000 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि इस जावा महुआ का इस्तेमाल चुलाई शराब तैयार करने के लिए किया जा रहा था। टीम ने पूरे इलाके की जांच करने के बाद बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिससे अवैध शराब तैयार करने की प्रक्रिया को रोक दिया गया।

कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग ने 105 लीटर अवैध चुलाई शराब भी बरामद की। शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री को भी टीम ने नष्ट कर दिया। जंगल के अंदर सुनसान स्थान पर शराब निर्माण किए जाने से यह भी सामने आया कि कारोबारी पुलिस और प्रशासन की नजर से बचने के लिए ऐसे इलाकों का इस्तेमाल कर रहे थे।

इस मामले में गुनोधर महतो समेत अन्य संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग की ओर से अवैध शराब के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों को अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। कालाझोर के जंगल में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।

Related Post