Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

जुगसलाई में लगातार जाम से जनजीवन प्रभावित, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग

जमशेदपुर: कोल्हान प्रमंडल के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र जुगसलाई में लगातार लग रहे जाम को लेकर जमशेदपुर थोक वस्त्र विक्रेता संघ ने चिंता जताई है। संघ के अध्यक्ष अनिल मोदी ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से यातायात व्यवस्था में अविलंब एवं प्रभावी सुधार करने की मांग की है।

अनिल मोदी ने कहा कि सोमवार से लगातार तीसरे दिन जुगसलाई के बाटा चौक पर शाम के समय घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इससे आम लोगों, व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के साथ त्योहारी सीजन शुरू होने के कारण बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। वहीं, शाम के समय टाटा स्टील के ठेका मजदूरों एवं अन्य कर्मचारियों की छुट्टी होने के साथ राजनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की ओर जाने वाले मजदूरों व आम लोगों की आवाजाही भी बढ़ जाती है। इसके कारण जुगसलाई चौक-बाजार मार्ग पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है।

वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग

अनिल मोदी ने त्योहारी सीजन को देखते हुए जुगसलाई में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कई कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने जुगसलाई ओवरब्रिज से मारवाड़ी पाड़ा रोड तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने, ग्वाला पाड़ा रोड को अतिक्रमण मुक्त कराकर वन-वे करने की मांग की।

इसके अलावा शाम के व्यस्त समय में प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और बाजार क्षेत्र में अनियंत्रित पार्किंग तथा सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

संघ अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से व्यापारिक संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर जुगसलाई में स्थायी और प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए समय रहते यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना जरूरी है।

Related Post