Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

उर्जानगर में घर से नकदी और आभूषण चोरी का खुलासा, चार लाख पचास हजार रुपये समेत आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा। महागामा थाना क्षेत्र के उर्जानगर में 15 अगस्त की रात एक व्यक्ति के क्वार्टर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के घर से चोरी की गई नकदी और बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उर्जानगर निवासी एक व्यक्ति के घर में प्रवेश कर नकदी और आभूषणों की चोरी कर ली थी। घटना को लेकर महागामा थाना में कांड संख्या 156/2026 के तहत 16 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था।

SIT ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में एक सितंबर को पूर्व की चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे महागामा के नाई टोला निवासी 26 वर्षीय कन्हैया कुमार यादव उर्फ कन्हैया को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान उसने उर्जानगर में हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और चोरी के सामान के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर पर विधिवत छापेमारी की। इस दौरान चोरी की गई नकदी और आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए कन्हैया कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी की रकम में से कुछ पैसे उसने शराब पीने और जुआ खेलने में खर्च कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 500 रुपये के 800 नोट यानी चार लाख रुपये और 100 रुपये के 500 नोट यानी 50 हजार रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा चांदी जैसे सफेद धातु के कुल 1.131 किलोग्राम वजन के आभूषण बरामद हुए। इनमें चार जोड़ी कंगन, बच्चों के सात जोड़ी हाथ के कड़े, 12 जोड़ी पायल, 10 गले की चेन, तीन मंगलसूत्र या चेन, दो ब्रेसलेट और 11 बिछिया शामिल हैं।

इसके अलावा पीले रंग के सोने जैसे आभूषण भी बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 24.40 ग्राम है। इनमें दो जोड़ी कान की छुमकी, चार जोड़ी टॉप्स, एक लॉकेट, तीन छोटी बालियां, चार नोज पिन और एक अंगूठी शामिल है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए लोहे के छोटे सबल को भी बरामद किया है।

गिरफ्तार कन्हैया कुमार यादव का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक वह महागामा थाना क्षेत्र में दर्ज तीन मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ महागामा थाना में वर्ष 2021 में धारा 377 भादवि, वर्ष 2022 में धारा 457/380 भादवि तथा वर्ष 2025 में धारा 305/331(4)/326(g) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं और इन मामलों में आरोप पत्र भी न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि इस चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद मंडल कारा, गोड्डा भेजा जा रहा है।

छापामारी दल में महागामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, महागामा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव आनंद, पुलिस अवर निरीक्षक बिनय कच्छप, जुगेश्वर उरांव, मनोज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खान तथा महागामा थाना की सशस्त्र पुलिस बल शामिल रही।

Related Post