Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

चक्रधरपुर स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, तीन स्मार्टफोन बरामद

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चाईबासा निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद निसार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और चोरी की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।

रेल मंडल में यात्रियों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडल सुरक्षा आयुक्त और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर आरपीएफ टाटा की टीम तथा जीआरपी चक्रधरपुर ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर मोहम्मद निसार को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अलग-अलग कंपनियों के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी चाईबासा से स्कूटी से चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचता था और भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार वह मौका देखकर यात्रियों की जेब से मोबाइल निकाल लेता था। पूछताछ में आरोपी ने बरामद मोबाइल फोन टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की जनरल बोगी से चोरी करने की बात स्वीकार की है।

कार्रवाई आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद बरामद तीनों मोबाइल फोन को जब्त कर आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी चक्रधरपुर के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है, ताकि सत्यापन के बाद उन्हें उनके सामान वापस किए जा सकें।

पुलिस आरोपी से यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने इससे पहले चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन अथवा चलती ट्रेनों में मोबाइल चोरी की कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोहों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।

Related Post