गोड्डा। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की बिक्री और पैकिंग से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर, 30 पुड़िया, एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, एल्युमिनियम फॉयल का रोल और 1.28 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोड्डा को मादक पदार्थों की अवैध बिक्री से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ गोड्डा आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में डेडिकेटेड एंटी-नारकोटिक्स टीम ने कार्रवाई की। इसी क्रम में एक सितंबर को गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गोढ़ीघाट गांव निवासी 19 वर्षीय बिरेन्द्र कुमार उर्फ बिरू, पिता अरुण यादव, के घर पर विधिसम्मत छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से एल्युमिनियम फॉयल में तैयार की गई करीब 30 पुड़िया बरामद कीं। इनमें लगभग 10 ग्राम ब्राउन शुगर होने की बात पुलिस ने बताई है। इसके अलावा मादक पदार्थ की बिक्री और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तथा 1,28,688 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से बिरेन्द्र कुमार उर्फ बिरू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सूचना एकत्र करने, सत्यापन, निगरानी और विधिसम्मत छापेमारी के माध्यम से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले मादक पदार्थ तस्करों और गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, गोड्डा नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, रौतारा टीओपी प्रभारी राज गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार पाल, अंकित कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक इन्द्रेश शुक्ला, महिला आरक्षी ललिता कुमारी सहित सशस्त्र बल और थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

