Breaking
Fri. Nov 6th, 2026

डैम में नहाने के दौरान बहा युवक, 18 घंटे बाद झाड़ियों में मिला शव

राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रांजड़ और छोटाकांकी गांव के बीच स्थित पुराने डैम में नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे युवक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान करीब 28 वर्षीय प्रोद्युम कुंभकार के रूप में हुई है। करीब 18 घंटे तक चली तलाश के बाद डैम के ऊपर झाड़ियों में शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया गया कि मंगलवार को प्रोद्युम स्कूली बच्चों को वाहन से छोड़कर वापस लौटने के बाद पुराने डैम में नहाने गया था। उसके साथ दो अन्य लोग भी पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया और पानी का बहाव तेज हो गया। तेज धार की चपेट में आने से प्रोद्युम पानी में बह गया, जबकि उसके साथ मौजूद दोनों लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात तक डैम और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीणों ने रातभर उसकी तलाश जारी रखी।

बुधवार सुबह करीब आठ बजे डैम के ऊपर झाड़ियों में युवक का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची राजनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Related Post