Breaking
Tue. Sep 1st, 2026

जमशेदपुर की बेटी मंदीप कौर ने बढ़ाया शहर का मान, अब दूसरी बेटियों के सपनों को देंगी उड़ान

जमशेदपुर: शहर की मॉडल मंदीप कौर ने मॉडलिंग के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल करते हुए जमशेदपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। दिल्ली के छतरपुर में आयोजित ‘दिल्ली 6 फैशन रनवे वीक’ में मंदीप कौर ने बतौर ब्रांड एंबेसडर हिस्सा लिया। इस दौरान उन्हें निकारागुआ की एंबेसडर नादेस्का इमारा कथबर्ट कार्लसन और भारतीय सेना के मेजर जनरल अनिल राज काहलों के हाथों सम्मानित किया गया।

मंदीप कौर अब अपनी उपलब्धियों को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रखना चाहतीं। उनका लक्ष्य जमशेदपुर में एक मॉडलिंग इंस्टीट्यूट शुरू करना है, जहां शहर की बेटियों को मॉडलिंग की बारीकियां सीखने के साथ-साथ सही मार्गदर्शन और अपने हुनर को आगे बढ़ाने के अवसर मिल सकें।

मंदीप का मानना है कि छोटे शहरों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। इसी सोच के साथ वह जमशेदपुर की उभरती मॉडल्स और फैशन के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक युवतियों के लिए एक बेहतर मंच तैयार करना चाहती हैं।

इस पहल में फैशन डिजाइनर डॉ. रितु जस भी मंदीप कौर का साथ दे रही हैं। दोनों की योजना ऐसी प्रतिभाओं को भी मंच उपलब्ध कराने की है, जिन्हें आमतौर पर पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते। इसमें जरूरतमंद और दिव्यांग प्रतिभाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने की दिशा में काम करने की योजना है।

मंदीप कौर इससे पहले कोलकाता में बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी के हाथों ‘रवींद्रनाथ टैगोर एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से भी सम्मानित हो चुकी हैं। मॉडलिंग के क्षेत्र में लगातार मिल रही उपलब्धियों के बीच अब उनका फोकस अपने अनुभव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर है।

मंदीप का कहना है कि उनके लिए असली सफलता तब होगी, जब जमशेदपुर की दूसरी बेटियां भी अपने सपनों को पहचानें, उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास हासिल करें और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। उनका अगला लक्ष्य खुद आगे बढ़ने के साथ शहर की अन्य प्रतिभाओं के लिए भी रास्ते तैयार करना है।

Related Post