जमशेदपुर। नेपाल और तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद मानसरोवर यात्रा पर गए 32 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। लापता लोगों में पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर निवासी 62 वर्षीय मानस कुमार घोष और उनकी पत्नी दीपाली सरकार भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार मानस कुमार घोष और दीपाली सरकार कोलकाता से 32 सदस्यीय पर्यटक दल के साथ मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुए थे। इस यात्रा का संचालन भारतीय एजेंसी छोलो जाई ट्रैवल्स और नेपाल की सम्राट टूर एंड ट्रैवल्स के माध्यम से किया जा रहा था। बताया गया है कि नेपाल-तिब्बत सीमा पर इमिग्रेशन कार्यालय के पास बाढ़ आने से पहले सुबह करीब 7:45 बजे घोष दंपति को आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद से दोनों का परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्दीपोखर में घोष दंपति के परिजनों और परिचितों के बीच चिंता का माहौल है। शिक्षक अरुण सरकार समेत परिवार के अन्य सदस्य लगातार दोनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। परिजन उनकी स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं और प्रशासन से जल्द राहत एवं बचाव अभियान तेज करने की अपील कर रहे हैं।
बताया गया है कि 32 सदस्यीय पर्यटक दल में पूर्व मंत्री मुकुल राय की पुत्रवधू समेत कई अन्य लोग भी शामिल हैं। बाढ़ के कारण पर्यटकों से संपर्क टूटने के बाद उनके परिजनों में भी बेचैनी बढ़ गयी है। परिजनों ने प्रशासन और यात्रा संचालित करने वाली संबंधित एजेंसियों से लापता सभी पर्यटकों का जल्द पता लगाने तथा सुरक्षित निकालने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
परिजनों ने मंगलवार को लोगों से अपील की है कि मानस कुमार घोष और दीपाली सरकार के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल मोबाइल नंबर +91 9051348866, +91 8486841390, +91 6295978168 और +91 8861158886 पर सूचना दें।

