Breaking
Mon. Aug 31st, 2026

तुलसी जयंती पर एमएनपीएस में सजी साहित्य और संस्कृति की पाठशाला

जमशेदपुर। मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के सभागार में सोमवार को सृजन हिंदी परिषद के तत्वावधान में गोस्वामी तुलसीदास की 529वीं जयंती के अवसर पर भव्य तुलसी जयंती समारोह आयोजित किया गया। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, साहित्य और परंपराओं से जोड़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने का संदेश दिया गया।

समारोह में विद्यालय के नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक और साहित्यिक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। छोटे बच्चों के लिए रामचरितमानस के पात्रों पर आधारित वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई। एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों ने रंग भरो प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई, जबकि कक्षा प्रथम के छात्रों ने कोलाज और कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने चित्रांकन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

कक्षा तृतीय के विद्यार्थियों ने रामचरितमानस के पात्रों की अनुकृति प्रस्तुत की। कक्षा चतुर्थ के छात्रों के लिए चौपाई प्रतियोगिता आयोजित हुई। कक्षा पंचम और षष्ठम के विद्यार्थियों ने रामचरितमानस के विभिन्न पात्रों का अभिनय कर अपनी प्रस्तुति दी। कक्षा सप्तम के विद्यार्थियों ने रामचरितमानस विषय पर पोस्टर बनाए, जबकि कक्षा अष्टम के छात्रों ने छंद गायन के माध्यम से साहित्यिक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।

कक्षा नवम और दशम के विद्यार्थियों ने रामचरितमानस के प्रमुख पात्रों का परिचय प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने गोस्वामी तुलसीदास के व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान पर निबंध लिखकर अपनी समझ और विचारों को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में साहित्यकार, वक्ता एवं वास्तुविद शैलेंद्र अस्थाना तथा साहित्यकार अनिरुद्ध त्रिपाठी ‘अशेष’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अखिलेश दुबे, महासचिव लल्लन प्रसाद राय, समिति के अन्य सदस्यों और अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश संघ के पदाधिकारीगण के अलावा विद्यालय की प्राचार्या संगीता सिंह, उपप्राचार्या राखी मित्रा, एक्सीलेंस उपप्राचार्या बिंदु आहूजा, प्लस टू संयोजिका स्मिता मजूमदार, हाई स्कूल संयोजिका पिकू कुमारी और प्राइमरी संयोजिका इंद्राणी भौमिक सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों को गोस्वामी तुलसीदास की रचनाओं और रामचरितमानस के माध्यम से भारतीय जीवन मूल्यों को समझने का संदेश दिया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के साथ सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक चेतना और देशप्रेम की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनुष्का कुमारी, मुकुल देव और सृजन श्री ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के एएसपीएल अभय कुमार ने किया।

Related Post