Breaking
Mon. Aug 31st, 2026

पैराशूट से पाथरा गांव में उतरा रहस्यमयी उपकरण, ग्रामीणों में मचा कौतूहल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पाथरा गांव के पास सोमवार को उस समय ग्रामीणों के बीच कौतूहल की स्थिति बन गई, जब आसमान से पैराशूट के सहारे एक अज्ञात उपकरण जमीन पर आ गिरा। अचानक हवा में तैरती हुई इस वस्तु को नीचे उतरते देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते वहां काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और लोग उपकरण को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उपकरण को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आसमान से गिरा उपकरण किसी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि से जुड़ा नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला उपकरण है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में पता चला है कि उपकरण को पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय से अनुसंधान के उद्देश्य से उड़ाया गया था। उपकरण पर एक संपर्क नंबर भी दर्ज था। पुलिस ने उक्त नंबर के माध्यम से संबंधित संस्था के अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद उपकरण के बारे में जानकारी सामने आई।

संस्था के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि यह वैज्ञानिक शोध से संबंधित उपकरण है और इसे सुरक्षित रखा जाना जरूरी है। उन्होंने जानकारी दी कि वैज्ञानिकों की टीम अगले दो-तीन दिनों के भीतर बरसोल पहुंचेगी और उपकरण को अपने साथ ले जाएगी। तब तक पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने कब्जे में रखा है।

पुलिस और संबंधित संस्था की ओर से ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे उपकरण से दूरी बनाए रखें और उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करें। वैज्ञानिकों की टीम के पहुंचने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उपकरण का इस्तेमाल किस प्रकार के अनुसंधान के लिए किया जा रहा था और इसे किस तकनीकी प्रक्रिया के तहत पैराशूट के माध्यम से जमीन पर उतारा गया।

फिलहाल पाथरा गांव में आसमान से पैराशूट के सहारे उतरे इस वैज्ञानिक उपकरण को लेकर दिनभर चर्चा बनी रही। ग्रामीणों के लिए यह घटना कौतूहल का विषय बनी हुई है।

Related Post