पलामू। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुरांव गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ गांजा की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक और एक टेम्पो को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को महुरांव क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने महुरांव चौक के समीप निगरानी शुरू की और दो लोगों को एक आइसर ट्रक तथा टेम्पो से गांजा उतारते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महुरांव निवासी जमशेद आलम (25) और अली रजा (19) के रूप में हुई है। दोनों रमजान अंसारी के पुत्र हैं। पुलिस ने जब ट्रक और संबंधित परिसर की तलाशी ली तो नारियल पानी यानी डाब के बीच गांजा छिपाकर रखा गया था। इसके अलावा 16 प्लास्टिक के बोरों में 424 छोटे-छोटे पैकेट बनाकर भी गांजा रखा गया था। पूरी बरामदगी का वजन करीब 443 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने बरामद गांजे की डीडी किट से जांच कराई, जिसमें मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गांजा, आइसर ट्रक संख्या OD14AB 1072 और टेम्पो संख्या BR26PB 2661 को जब्त कर लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने ओप्पो और नथिंग कंपनी के एक-एक मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान पुलिस को गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारी मिलने की बात कही गई है। प्रारंभिक जांच में इस अवैध तस्करी के तार पलामू के अलावा बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कार्रवाई में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार, छतरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे। पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी और भंडारण के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

