चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रामनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे वर्कर्स कम्युनिटी हॉल में शनिवार को गुवा पूर्वी पंचायत की विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा की अध्यक्षता पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी ने की। बैठक में सबकी योजना, सबका विकास और स्वच्छ एवं हरित ग्राम पंचायत के उद्देश्य से ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के तहत विभिन्न विकास योजनाओं को प्राथमिकता देने पर विस्तार से चर्चा हुई।
ग्राम सभा में पंचायत के अंतिम व्यक्ति तक पेंशन योजना का लाभ पहुंचाने, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाली और सोख्ता पीट का निर्माण कराने तथा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने का प्रस्ताव रखा गया। सड़क किनारे दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए दोनों ओर उगी झाड़ियों की कटाई कराने पर भी चर्चा हुई।
नदी किनारे दुर्घटनाओं से बचाव के लिए संभावित संवेदनशील स्थानों पर कांटेदार तार लगाने तथा कचरा प्रबंधन के लिए आवश्यक स्थानों पर डस्टबिन की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने और हर घर नल-जल योजना के तहत स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार अन्य विकास योजनाओं को चिन्हित कर जीपीडीपी में शामिल करने पर भी चर्चा हुई। उपस्थित ग्रामीणों और सदस्यों ने पंचायत के समग्र विकास के लिए योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, पूर्वी पंचायत मुखिया चांदमनी लागुरी, उप मुखिया सुनीता सामद, वार्ड सदस्य जानों चातर, ग्राम पंचायत की कलेक्टर गीता देवी, फ्रोंट लाइन वर्कर पदमा केसरी, टीआरआई से अनुराधा राव, भीएलई तापस दास, वन विभाग के प्रधान वनरक्षी योगेश सिंकु सहित जेएसएलपी की महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित थे।

