Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

*चाईबासा में शांति और सौहार्द के साथ निकला ईद मिलादुन्नबी का जुलूस*

चाईबासा: पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को चाईबासा में श्रद्धा और उत्साह के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर पैगंबर मोहम्मद साहब के संदेशों को याद किया। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों के बीच लंगर, शरबत और मिठाइयों का वितरण किया गया। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

जुलूस बड़ी बाजार के विभिन्न मोहल्लों से निकलकर निर्धारित मार्ग से होते हुए सदर थाना और सदर बाजार मस्जिद पहुंचा। इसके बाद जुलूस वापस बड़ी बाजार स्थित उर्दू लाइब्रेरी पहुंचा, जहां दुआ की गई। दुआ के बाद उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान जुलूस में सहयोग करने वाले प्रशासनिक पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कमेटी की ओर से सामाजिक सेवा का भी संदेश दिया गया। सदर अस्पताल चाईबासा में मुख-बधिर बच्चों के बीच फल और मिष्ठान का वितरण किया गया। वहीं खूंटपानी स्थित कुष्ठ रोगियों के अस्पताल में भी मरीजों के बीच फल एवं मिठाइयां बांटी गईं। आयोजकों ने कहा कि पर्व का उद्देश्य खुशियां बांटने के साथ समाज में भाईचारा, प्रेम और आपसी सौहार्द को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया चाईबासा के सचिव फैयाज खान (बल्लो खान) के साथ फरहान सुल्तान (लाला) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सचिव फैयाज खान ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन की खुशी मनाने के साथ उनके बताए इंसानियत, प्रेम, भाईचारे और शांति के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और एक-दूसरे के प्रति सम्मान बना रहे, यही इस पवित्र अवसर पर सभी की कामना होनी चाहिए। उन्होंने जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने में सहयोग करने वाले प्रशासन, पुलिस और शहरवासियों के प्रति आभार जताया।

जुलूस और कार्यक्रम को सफल बनाने में लब्बैक या रसूलल्लाह कमिटी के इमरान रजा, शेख आजाद, रशीद अतारी, अब्दुल खालिक शेख, नयाजुद्दीन, जफर, नसीम उर्फ राजू, राज, छोटू, दानिश, यूनुस, शकील सहित उनके सहयोगी साथियों का सराहनीय योगदान रहा।

इस दौरान लोगों ने अनुशासन के साथ जुलूस में भाग लिया। प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में जुलूस निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण तरीके से गुजरा। अंत में बड़ी बाजार उर्दू लाइब्रेरी में दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन चाईबासा में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Related Post