Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

27 अगस्त को पीपुल्स एकेडमी में जुटेंगे शहर के प्रधानाचार्य, शिक्षा व्यवस्था के सर्वेक्षण पर होगी चर्चा

जमशेदपुर। झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्कूलों में मौजूद बुनियादी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा तय करने के उद्देश्य से 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सेमिनार आयोजित किया जाएगा। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर होने वाले इस कार्यक्रम का विषय ‘शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ रखा गया है। सेमिनार की तैयारियों को लेकर 27 अगस्त को न्यू बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में शहर के सभी प्रधानाचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

सरयू राय ने बुधवार को अपने आवासीय कार्यालय में हुई बैठक में बताया कि 27 अगस्त की बैठक में प्रत्येक विद्यालय से एक योग्य एवं उत्कृष्ट शिक्षक का चयन कर उनका नाम देने को कहा जाएगा। चयनित शिक्षकों को 6 सितंबर को आयोजित सेमिनार में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए विद्यालय सर्वेक्षण से संबंधित फार्म भी प्रधानाचार्यों को भेजे गए हैं। प्रधानाचार्यों से इन फार्मों को भरकर 27 अगस्त की बैठक में लाने को कहा गया है।

विधायक ने कहा कि सर्वे के माध्यम से विद्यालयों में भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की उपलब्धता, पढ़ाई-लिखाई की स्थिति सहित विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी। प्राप्त आंकड़ों और प्रधानाचार्यों से होने वाली सीधी बातचीत के आधार पर स्कूलों की समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान पर आगे काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की स्थिति को लेकर तैयार प्रश्नावली में आधारभूत संरचना, शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की संख्या और अन्य आवश्यक बिंदुओं से जुड़े सवाल शामिल किए गए हैं। सर्वेक्षण के परिणाम के आधार पर विद्यालयों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही 27 अगस्त की बैठक में प्रधानाचार्यों से बातचीत कर जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।

सरयू राय ने 27 अगस्त की बैठक को शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए शहर के सभी प्रधानाचार्यों से अपराह्न 3 बजे तक अनिवार्य रूप से बैठक में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित सेमिनार के लिए सुबह 9.30 बजे से पंजीकरण शुरू होगा। उद्घाटन सत्र सुबह 10 से 11 बजे तक चलेगा। इसके बाद सुबह 11.30 से दोपहर 12.30 बजे तक प्राथमिक विद्यालयों से संबंधित विषयों पर पहला सत्र होगा। दूसरा सत्र दोपहर 12.30 से डेढ़ बजे तक माध्यमिक विद्यालयों पर केंद्रित रहेगा।

दोपहर 2.30 से 3.30 बजे तक आयोजित होने वाले तीसरे सत्र में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसके बाद 3.30 से शाम 4.30 बजे तक चौथा सत्र आयोजित होगा, जिसमें छात्र आंदोलनों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सेमिनार में शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

सेमिनार में जमशेदपुर के सरकारी और निजी विद्यालयों तथा कॉलेजों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन के लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।

बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, अशोक गोयल, आशुतोष राय, डॉ. अनीता शर्मा, चंद्रदीप पांडेय, एसपी सिंह, पवन सिंह, विकास सिंह, श्रीमन त्रिगुण, कृष्ण कुमार, नवनीत सिंह, आदित्य मुखर्जी, विनीत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Post