Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

*गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार गंभीरता से काम कर रही लोहरदगा पुलिस: एसपी*

ऑपरेशन भरोसा के तहत 14 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरे पर लौटी खुशी

संवाददाता
लोहरदगाः पुलिस मुख्यालय, झारखंड, रांची से प्राप्त गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी संबंधी दिशा-निर्देशों के आलोक में लोहरदगा पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों से गुम हुए 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में बरामद मोबाइलों का सत्यापन कर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की गई और सभी मोबाइल संबंधित धारकों को वापस सुपुर्द कर दिए गए। बरामद मोबाइलों में आईफोन 13 का एक, वीवो वाई-15 का एक, वनप्लस के तीन, रियलमी के पांच, ओप्पो के तीन तथा सैमसंग गैलेक्सी का एक मोबाइल शामिल है। इस प्रकार कुल 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर संबंधित लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। लोगों ने लोहरदगा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि गुम हुई संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार तकनीकी माध्यमों और प्रभावी कार्रवाई का सहारा ले रही है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लोहरदगा पुलिस लगातार गंभीरता से काम कर रही है। नागरिक अपने खोए हुए मोबाइल की सूचना संबंधित थाना में देने के साथ सीईआईआर पोर्टल पर भी अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं, ताकि मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में पुलिस को मदद मिल सके। लोहरदगा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर अपने मोबाइल का पंजीकरण जरूर कराएं।

Related Post